मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बड़ा हादसा हो गया। नवरात्र उत्सव के बाद माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया पार करते समय नदी में गिर गई। यह हादसा पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव में हुआ। शुरू में पांच मौतों की खबर आई थी, लेकिन अब मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो चुकी है। सभी शवों को पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा है। फिलहाल घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के ग्राम अर्दला और जामली से आए 20–25 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तालाब पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ट्रॉली पर जरूरत से ज्यादा लोग बैठे थे। पुलिया पर खड़ी होने के दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलटकर तालाब में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 8 बच्चियां शामिल हैं। करीब 20–25 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। जेसीबी की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाल लिया गया है और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
